अभिनेत्री तनुश्री दत्ता एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने एक भावुक और परेशान कर देने वाला वीडियो शेयर कर सनसनी मचा दी है। वीडियो में तनुश्री रोते हुए नजर आ रही हैं और कह रही हैं कि उन्हें उनके ही घर में परेशान किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा– “आई एम बी ट्रबल्ड इन माय ओन हाउस। प्लीज़ समवन हेल्प मी।”
तनुश्री दत्ता ने बताया कि उन्होंने आखिरकार पुलिस को कॉल किया और पुलिस उनके घर आई थी। हालांकि, पुलिस ने उन्हें एक उचित शिकायत दर्ज करवाने के लिए थाने आने को कहा है। तनुश्री कहती हैं कि वे अभी अस्वस्थ हैं, इसलिए वे कल या परसों थाने जाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले चार–पांच सालों से वे मानसिक तनाव और शारीरिक कमजोरी से जूझ रही हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उनके घर में मेड्स तक से बुरा अनुभव रहा है। मेड्स पर चोरी और शरारत के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अब वह अपने सारे काम खुद करती हैं।
वीडियो में तनुश्री ने यह भी बताया कि कैसे उनके दरवाजे के बाहर अजीब–अजीब लोग आते हैं और आवाजें करते हैं। उन्होंने साफ कहा– “मुझे मेरे ही घर में परेशान किया जा रहा है। कोई मेरी मदद करे।” इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा– “मैं इस उत्पीड़न से तंग आ चुकी हूं। यह 2018 से चल रहा है। #शटगमीटू। आज तंग आकर मैंने पुलिस को फोन किया। कृपया कोई मेरी मदद करे।”

इसके बाद तनुश्री ने एक और वीडियो शेयर किया जिसमें छत के ऊपर और दरवाजे के बाहर से जोर–जोर की आवाजें सुनाई दे रही हैं। वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि वह 2020 से लगातार इन अजीब आवाजों और धमाकों जैसी स्थितियों को झेल रही हैं, और यह हर दिन किसी भी समय हो जाता है।
तनुश्री ने बताया कि उन्होंने कई बार बिल्डिंग मैनेजमेंट से शिकायत की लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। कुछ साल पहले उन्होंने हार मान ली और अब वे हेडफोन लगाकर हिंदू मंत्र सुनती हैं ताकि ध्यान बंटे और दिमाग शांत रहे। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों के मानसिक तनाव और चिंता के कारण उन्हें क्रॉनिक फैटिक सिंड्रोम हो गया है और आज का दिन उनके लिए बेहद बुरा रहा।
उन्होंने कहा कि कल उन्होंने एक पोस्ट शेयर की थी और आज ये सब हो गया, जिससे साफ है कि वे किस हालात से गुजर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एफआईआर में वे इन सब बातों का जिक्र जरूर करेंगी।

गौरतलब है कि साल 2018 में तनुश्री दत्ता ने अभिनेता नाना पाटेकर पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि साल 2008 में फिल्म “हॉर्न ओके प्लीज” की शूटिंग के दौरान नाना ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। इस बयान ने भारत में #MeToo मूवमेंट की शुरुआत को एक नई गति दी थी। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता सबूत नहीं मिले और मामला बंद कर दिया गया।
अब तनुश्री द्वारा हाल ही में एक इंस्टा स्टोरी में सुपरस्टार सलमान खान पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे यह मामला और भी गरमा गया है। उनके ताजा वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और उनके प्रशंसक व आम लोग उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।