सरकार ने अश्लील कंटेंट पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 25 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया है।
केंद्र सरकार ने यह फैसला उन ओटीटी ऐप्स के खिलाफ लिया है जो एंटरटेनमेंट के नाम पर अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर रहे थे। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) को निर्देश दिया है कि इन ओटीटी ऐप्स और वेबसाइट्स को तुरंत ब्लॉक किया जाए। इनमें Alt Balaji, Ullu, Desi Flix, Big Shot App, Kangna App, Jalwa App, Wow Entertainment, Soul Talkies, Adda TV, Hotx VIP, Mx Neon जैसे कई फेमस प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
कौन-कौन से ऐप्स हुए बैन?
सरकार द्वारा बैन किए गए प्रमुख ऐप्स के नाम हैं –
Alt Balaji, Ullu, Big Shot App, Desi Flix, BMxx, Navras Lite, Gulab App, Kangan App, Bull App, Jalwa App, Wow Entertainment, Look Entertainment, Hit Prime, Fenio, ShowX, Soul Talkies, Adda TV, Hotx VIP, Halchal App, Mx Neon, Xfuji, Mjix, Triflix आदि।
किस कानून के तहत लिया गया ये फैसला?
सरकार ने IT Act 2000 की धारा 67 और 67A के तहत कार्रवाई की है।
- धारा 67: इंटरनेट पर अश्लील सामग्री प्रकाशित करना या फैलाना अपराध है।
- धारा 67A: यौन गतिविधियों से जुड़ा वीडियो या कंटेंट इंटरनेट पर डालना गैरकानूनी है।
इसके अलावा, महिला अश्लील निरोध अधिनियम 1986 की धारा 4 के तहत भी इन ऐप्स पर कार्रवाई की गई है, जो कहती है कि किसी भी माध्यम से महिलाओं को अश्लील या अपमानजनक रूप में दिखाना कानूनन जुर्म है।
पहले भी हुई थी कार्रवाई:
मार्च 2024 में भी केंद्र सरकार ने 18 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक किया था। तब 19 वेबसाइट्स, 10 ऐप्स और 57 सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद किए गए थे। इस बार की कार्रवाई पहले से भी बड़ी और निर्णायक मानी जा रही है।
Alt Balaji और Ullu जैसे ऐप्स की पृष्ठभूमि:
Alt Balaji को टीवी प्रोड्यूसर एकता कपूर ने अप्रैल 2017 में लॉन्च किया था। वहीं Ullu ऐप की शुरुआत विभु अग्रवाल ने 2018 में की थी। 2020 के लॉकडाउन के समय इन ऐप्स की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और इन्हें अश्लील व एरोटिक कंटेंट के लिए जाना जाने लगा।

सरकार की नई गाइडलाइन क्या कहती है?
2021 में भारत सरकार ने IT Intermediary Guidelines & Digital Media Ethics Code जारी किया था, जिसे अप्रैल 2023 में अपडेट किया गया।
इन गाइडलाइंस के मुताबिक –
- ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को अपनी सामग्री की कैटेगरी तय करनी होगी।
- कंटेंट से पहले चेतावनी देना अनिवार्य है।
- प्रत्येक प्लेटफॉर्म को एक ग्रिवेंस ऑफिसर रखना होगा।
- कंटेंट में राष्ट्रविरोधी, यौन या महिलाओं-बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी तत्व नहीं होना चाहिए।
राज कुंद्रा केस ने खोली थी पोल:
2021 में शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया था। उन पर Hotshot नामक ओटीटी ऐप के माध्यम से पोर्न कंटेंट बेचने का आरोप लगा था। तब यह पहली बार हुआ था जब ओटीटी की आड़ में पोर्न रैकेट का खुलासा हुआ।
सरकार का साफ संदेश:
सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ओटीटी की आड़ में अश्लीलता अब नहीं चलेगी। ऐसे सभी ऐप्स जो कानून का उल्लंघन कर रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले समय में सरकार इस दिशा में और सख्त रुख अपना सकती है।
नोट: इस विषय से जुड़ी हर अपडेट हम आगे भी आपके लिए लाते रहेंगे।