टीम इंडिया के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। भले ही इंग्लैंड में इंटरनेशनल सीरीज चल रही हो, लेकिन भारत में घरेलू क्रिकेट को लेकर जबरदस्त हलचल है। दिलीप ट्रॉफी 2025-26 के लिए ईस्ट जोन की टीम का ऐलान हो चुका है और सबसे बड़ी बात ये है कि इस बार टीम की कमान संभालने वाले हैं ईशान किशन। जी हां, वही ईशान किशन जिन्होंने हाल ही में काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके सबको चौंका दिया। अब उन्हें इसका इनाम भी मिल गया है और बीसीसीआई ने उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी है।
ईशान किशन को दिलीप ट्रॉफी में ईस्ट ज़ोन का कप्तान बनाया गया है। इस टूर्नामेंट के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम का चयन हुआ है, जिसमें मोहम्मद शमी जैसे दिग्गज खिलाड़ी की वापसी भी हुई है। दिलीप ट्रॉफी फर्स्ट क्लास क्रिकेट का प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है, जिसमें चार दिवसीय मैच खेले जाते हैं।
इस बार ईस्ट ज़ोन की टीम में ईशान किशन के अलावा कई शानदार खिलाड़ी शामिल किए गए हैं। अभिमन्यु ईश्वरन जैसे अनुभवी बल्लेबाज़ को भी टीम में मौका मिला है। वहीं संदीप पेटनिक, विराट सिंह, डेनिश दास, श्रीराम पॉल, शरणदीप सिंह, कुमार कुशाग्र और रियान पराग जैसे युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।
रियान पराग असम से हैं और वे आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं। इनके अलावा उत्कर्ष सिंह, मनीषी, सूरज जायसवाल, मुकेश कुमार और आकाशदीप को भी इस टीम में शामिल किया गया है। सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला नाम है मोहम्मद शमी का, जो एक बार फिर लंबे फॉर्मेट में वापसी करने जा रहे हैं।

मोहम्मद शमी ने इंग्लैंड दौरे से अपना नाम वापस ले लिया था, लेकिन अब वे दिलीप ट्रॉफी के जरिए एक बार फिर चार दिवसीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। फैंस के लिए ये बड़ी खबर है क्योंकि लंबे समय से शमी के मैदान पर लौटने का इंतज़ार था।
स्टैंड बाय खिलाड़ियों की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी, मुख्तार हुसैन, आशीर्वाद, स्वयं, स्वस्तिक समाल, सुदीप कुमार और राहुल सिंह को स्टैंडबाय में रखा गया है। खास बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी को इस बार मुख्य टीम में जगह नहीं मिली है और उन्हें स्टैंडबाय में रखा गया है। इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, इसी वजह से उन्हें प्राथमिक टीम से बाहर रखा गया है।
दिलीप ट्रॉफी 2025-26 का शेड्यूल भी सामने आ चुका है। बीसीसीआई के मुताबिक यह मुकाबले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होंगे। 28 अगस्त से 31 अगस्त तक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। एक तरफ ईस्ट ज़ोन और नॉर्थ ज़ोन की भिड़ंत होगी, तो दूसरी ओर सेंट्रल ज़ोन और नॉर्थ ईस्ट ज़ोन आमने-सामने होंगे।
सेमीफाइनल मुकाबले 4 से 7 सितंबर के बीच खेले जाएंगे, जहां पहले से ही साउथ ज़ोन और वेस्ट ज़ोन की टीमें मौजूद हैं। क्वार्टर फाइनल जीतने वाली टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी। वहीं फाइनल मुकाबला 11 से 15 सितंबर तक खेला जाएगा, जिसमें सेमीफाइनल की विजेता टीमें आमने-सामने होंगी।
इस बार दिलीप ट्रॉफी में कई नए चेहरे भी देखने को मिलेंगे और अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी से मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है। ऐसे में यह देखना बेहद रोचक होगा कि ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट ज़ोन की टीम क्या कमाल दिखा पाती है और क्या शमी अपनी पुरानी लय में लौट पाते हैं या नहीं। यह टूर्नामेंट कई खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया में वापसी का दरवाजा बन सकता है।