उत्तर प्रदेश के मेरठ में नीले ड्रम में पति की लाश मिलने के सनसनीखेज मामले के बाद अब राजस्थान से भी बिल्कुल ऐसा ही एक मामला सामने आया है। खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास कस्बे में एक घर की छत पर नीले ड्रम में युवक की लाश मिली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
नमक डालकर शव गलाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की लाश को छिपाने के लिए ड्रम में भरकर रखा गया था और उसे गलाने के लिए नमक भी डाल दिया गया था। हालांकि, लाश से उठ रही तेज बदबू पूरे मोहल्ले में फैल गई। लोगों ने जब इसकी शिकायत की और छत पर रखे नीले ड्रम की जांच की, तो उसमें युवक का शव बरामद हुआ।
मकान मालिक ने दी पुलिस को सूचना
जब छत से बदबू आने का शक गहराया तो मकान मालिक ने खुद ऊपर जाकर देखा। वहां ड्रम से तेज दुर्गंध आ रही थी। ड्रम खोला गया तो उसमें युवक की लाश मिली। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए और ड्रम को सील कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
मृतक की पहचान
पुलिस ने बताया कि ड्रम से बरामद लाश की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले हंसराज के रूप में हुई है। फिलहाल इस हत्या के पीछे का कारण और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई है। लोगों में दहशत है कि आखिर एक के बाद एक नीले ड्रम से शव मिलने की वारदात क्यों सामने आ रही हैं। मेरठ और अब राजस्थान में हुई इन घटनाओं के बीच लोग सोशल मीडिया पर भी चर्चा कर रहे हैं।