बिहार की राजधानी पटना से सनसनीखेज खबर सामने आई है। तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी गुरुद्वारा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई। मेल में लिखा गया कि गुरुद्वारे के लंगर हॉल में 4 RDX रखे गए हैं। इतना ही नहीं, धमकी भरे मेल में पाकिस्तान जिंदाबाद और आईएसआई जिंदाबाद के नारे भी लिखे गए। जैसे ही यह मेल पढ़ा गया, गुरुद्वारा परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
धमकी में साफ तौर पर लिखा था कि गुरुद्वारे में मौजूद VIP और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकल जाना चाहिए। इस धमकी की जानकारी तुरंत गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें भी तुरंत बुला ली गईं। घंटों तक गुरुद्वारा परिसर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों का कहना है कि धमकी भरे ईमेल ने सभी को दहशत में डाल दिया। श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तलाशी अभियान के दौरान प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया। जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामला गंभीरता से जांच के अधीन है। ईमेल ट्रेस करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। शुरुआती जांच में इसे शरारती तत्वों की करतूत माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब सिखों का पवित्र तीर्थ स्थल है। यहां देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। ऐसे में इस तरह की धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।