दक्षिण अमेरिका में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.5 दर्ज की गई है, जो इतनी अधिक है कि सुनामी की आशंका तक जताई जाती है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक यह भूकंप गुरुवार को स्थानीय समयानुसार ड्रेक पैसेज क्षेत्र में आया। शुरुआत में इस भूकंप की तीव्रता 8 मापी गई थी, जिसे बाद में घटाकर 7.5 कर दिया गया। भूकंप की गहराई 10.8 किलोमीटर बताई गई है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) ने जानकारी दी कि यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 07 बजकर 46 मिनट 22 सेकंड पर महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र समुद्र की गहराई में था, जिसके चलते झटके काफी तेज और लंबे समय तक महसूस किए गए
यूएसजीएस के अनुसार, इतने शक्तिशाली भूकंप के बाद सुनामी की संभावना बढ़ जाती है। हालांकि अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने ड्रेक पैसेज भूकंप के बाद कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। सिर्फ चिली के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है, जहां तटीय इलाकों को सतर्क रहने को कहा गया है। आमतौर पर 7 से अधिक तीव्रता के भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका जताई जाती है, लेकिन इस बार सुनामी अलर्ट सीमित दायरे में ही रखा गया है
भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों में दहशत का माहौल है। कई शहरों में लोग अपने घरों से बाहर निकलकर खुले मैदानों की ओर भागे। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जान-माल की हानि की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है। चिली के तटीय इलाकों में लोगों को समुद्र से दूर रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। भूकंप की तीव्रता को देखते हुए विशेषज्ञों का कहना है कि आफ्टरशॉक्स की संभावना बनी हुई है, जो आने वाले घंटों में महसूस किए जा सकते हैं। इस वजह से इलाके में सुरक्षा इंतजाम और कड़े कर दिए गए हैं
दक्षिण अमेरिका का यह इलाका पहले भी कई बार भूकंप की चपेट में आ चुका है। खासकर चिली और पेरू जैसे देश भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। इससे पहले 2010 में चिली में 8.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी और तटीय इलाकों में भारी तबाही मची थी। इस बार भूकंप की तीव्रता उससे थोड़ी कम है, लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और अपडेट साझा कर रही हैं